पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग, कोल्हान किंग ने चक्रधरपुर रॉयल्स को एवं चाईबासा चैलेंजर्स ने जगन्नाथपुर टाइगर्स को हराया
संतोष वर्मा
चाईबासाःजिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे पश्चिमी सिंहभूम टी 20 लीग में आज दो महत्वपूर्ण मुकाबले खेले गए। पूर्वाह्न नौ बजे से खेले गए पहले मैच में कोल्हान किंग ने चक्रधरपुर रॉयल्स को एक नजदीकी मुकाबले में दो विकेट से पराजित कर इस प्रतियोगिता में अपनी चौथी जीत दर्ज की। आज की जीत के साथ ही कोल्हान किंग ने अपने पाँच लीग मैच में चार जीत के साथ कुल आठ अंक हासिल कर अंक तालिका में शीर्ष पर बरकरार है और इसका सेमी फाईनल खेलना पक्का हो गया है।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए इस मैच के टॉस कोल्हान किंग के कप्तान शिवम कुमार ने जीता तथा विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चक्रधरपुर रॉयल्स की टीम ने निर्धारित बीस ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 186 रन बनाए। नीचले क्रम पर बल्लेबाजी करने आए ललित शुक्ला ने तीन चौके एवं चार छक्के की सहायता से नाबाद 43 रनों की पारी खेली। अन्य बल्लेबाजों में शिवम पटेल ने 40, डेविड सांगा ने 30 तथा हर्ष कुमार ने 26 रनों का योगदान दिया। कोल्हान किंग की ओर से यशस्वी मिश्रा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मात्र 27 रन देकर चार विकेट झटके। हृतिक अनंत, विकास यादव, सत्यम यादव एवं राम रौशन शरण को एक-एक सफलता हाथ लगी।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोल्हान किंग की टीम ने 19.1 ओवर में 187 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया हलांकि इस प्रयास में उन्होंने अपने आठ विकेट भी गंवाए। पारी की शुरुआत करने आए आशीष तनवर ने पाँच चौके एवं सात छक्के की मदद से 31 गेंदों पर 70 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को ठोस शुरुआत दी। बाद के क्रम में कप्तान शिवम कुमार ने 16 गेंदों पर 32 रन तथा सत्यम यादव ने तीन चौके एवं दो छक्के की सहायता से 26 रनों की उपयोगी पारी खेली। नीचले क्रम में यशस्वी मिश्रा ने नाबाद 16 रन तथा विकास यादव ने 10 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चक्रधरपुर रॉयल्स की ओर से निशांत रोहन ने 23 रन देकर तीन तथा हर्ष कुमार ने 31 रन देकर दो विकेट हासिल किए। महेश सुलेंद्र दास एवं करण कुमार को एक-एक सफलता हाथ लगी।
मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में प्रतियोगिता के डी० एल० एस० मैनेजर परमवीर सिंह ने कोल्हान किंग के यशस्वी मिश्रा को उसके शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा।आज ही अपराह्न एक बजे से खेले गए दूसरे मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चाईबासा चैलेंजर्स की टीम ने निर्धारित बीस ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 218 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज राहुल महतो ने एक चौका एवं छः छक्के की सहायता से 55 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। दूसरे बल्लेबाजों में कप्तान सुमित कुमार ने 35, एमोस एक्का ने 34, उद्घाटक बल्लेबाज सचिन दूबे ने 32, अरविंद कुमार ने 25 तथा हर्ष राणा ने 22 रनों का योगदान दिया। जगन्नाथपुर टाइगर्स की ओर से ए० पवन कुमार ने 48 रन देकर तीन तथा युवराज कुमार ने 36 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी जगन्नाथपुर टाइगर्स की पूरी टीम 19.1 ओवर में 185 रन बनाकर आल आउट हो गई और 33 रनों के अंतर से मैच गंवा बैठी। जगन्नाथपुर टाइगर्स की ओर से कप्तान विकास सिंह ने तीन चौके एवं पाँच छक्के की मदद से मात्र 22 गेंदों पर 46 रन ठोक कर टीम को जीत दिलाने का भरसक प्रयास किया पर सफल नहीं हो पाए। अन्य बल्लेबाजों में निकेत सिंह ने चार चौके एवं तीन छक्के की सहायता से 43, रौशन कुमार ने दो चौके एवं चार छक्के की मदद से 42, ए० पवन कुमार ने 24 तथा डेविड सागर मुंडा ने 19 रन बनाए। चाईबासा चैलेंजर्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए आकाश कुमार ने 56 रन देकर तीन विकेट चटकाए। एमोस एक्का, सचिन दूबे एवं वामहस्त स्पिनर फैजानुल रहमान को दो-दो सफलता हाथ लगी।
मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में चाईबासा चैलेंजर्स के सचिन दूबे को उसके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार फ्रेंचाइजीस चक्रधरपुर रॉयल्स के प्रतिनिधि राजेश सिन्हा ने प्रदान की। आज जगन्नाथपुर टाइगर्स की टीम का अंतिम लीग मुकाबला था और आज की पराजय के साथ ही ये टीम सेमीफाईनल के दौड़ से बाहर हो गई है जबकि चाईबासा चैलेंजर्स की टीम का सेमीफाईनल खेलना लगभग तय हो गया है।

