खेलो झारखंड राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम की बालिका टीम ने हासिल किया द्वितीय स्थान

खेलो झारखंड राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम की बालिका टीम ने हासिल किया द्वितीय स्थान



उपायुक्त मनीष कुमार ने खिलाड़ियों एवं कोच को दी बधाई, उज्ज्वल भविष्य की कामना की

संतोष वर्मा

चाईबासाः रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स ग्राउंड में विगत 3 अक्टूबर 2026 से आयोजित खेलो झारखंड राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026-27 में पश्चिमी सिंहभूम जिले की बालिका एथलेटिक्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 आयु वर्ग में ओवरऑल प्रदर्शन के आधार पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। जिले की बालिका खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खेल जगत में हर्ष का माहौल है।प्रतियोगिता में जिले की बालिका टीम ने अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन एवं खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। इस उपलब्धि से न केवल जिले की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिली है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

पश्चिमी सिंहभूम जिले की बालिका टीम की इस शानदार उपलब्धि पर उपायुक्त मनीष कुमार ने टीम में शामिल सभी खिलाड़ियों एवं उनके कोच तथा शिक्षा कार्यालय के पदाधिकारियों व कर्मियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि खेलो झारखंड राज्य स्तरीय प्रतियोगिता विद्यालयों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान देने तथा उन्हें राज्य स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का एक बेहतरीन मंच है। जिले की बेटियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर पूरे राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है, जो अत्यंत सराहनीय एवं गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

उपायुक्त ने खिलाड़ियों के उत्साह, परिश्रम और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिले की बेटियों की यह सफलता अन्य बालिकाओं को भी खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा निखारने और नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।उपायुक्त ने टीम के सभी खिलाड़ियों एवं कोच के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि पश्चिमी सिंहभूम जिले के खिलाड़ी आने वाले समय में भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post