महिला कॉलेज में NDRF ने किया आपदा प्रबंधन एवं बचाव कार्य का प्रदर्शन

महिला कॉलेज में NDRF ने किया आपदा प्रबंधन एवं बचाव कार्य का प्रदर्शन




संतोष वर्मा

चाईबासाःमहिला कॉलेज, चाईबासा में रविवार को राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 9वीं बटालियन, बिहटा, पटना की टीम द्वारा आपदा प्रबंधन एवं बचाव कार्य से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम एवं व्यावहारिक प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 छात्राओं ने भाग लिया।

NDRF टीम ने छात्राओं को बाढ़, भूकंप, तूफान जैसी प्राकृतिक आपदाओं के साथ-साथ आगजनी, सड़क एवं रेल दुर्घटना जैसी मानव निर्मित आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले राहत एवं बचाव उपायों की जानकारी दी। टीम के सदस्यों ने आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय संयम एवं सूझबूझ से कार्य करने तथा स्वयं और दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान NDRF के जवानों ने विभिन्न बचाव उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन (डेमो) किया। छात्राओं को स्ट्रेचर बनाने, हार्ट अटैक की स्थिति में प्राथमिक सहायता, CPR, सर्पदंश की स्थिति में आवश्यक सावधानियों तथा पानी में डूबने वाले व्यक्ति के सुरक्षित बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। इन सभी का प्रदर्शन करके छात्राओं को व्यावहारिक रूप से प्रशिक्षित भी किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इसके अलावा छात्राओं को आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005, NDRF एवं SDRF की भूमिका तथा अग्नि सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। टीम ने बताया कि आपदा के समय सही जानकारी, त्वरित निर्णय और प्राथमिक बचाव तकनीकों की जानकारी जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

NDRF टीम में सब-इंस्पेक्टर (SI) कबि रंजन शर्मा, सब-इंस्पेक्टर (SI) आर.ओ. विनय कुमार, कांस्टेबल राजेश यादव, विकास, जगदीश, निभा एवं सीमा सहित अन्य सदस्य शामिल थे।

इस अवसर पर डॉ. अर्पित सुमन टोप्पो ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्राथमिक बचाव कौशल से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में जागरूकता और प्रशिक्षण कई बार जीवन बचाने में महत्वपूर्ण साबित होते हैं।

कार्यक्रम में ललिता सवैया, राजन सहित कॉलेज के अन्य सदस्य एवं लगभग 200 छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने NDRF टीम द्वारा किए गए प्रदर्शन में सक्रिय सहभागिता की।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post