लोकतंत्र, मताधिकार और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस ने तेज की तैयारी, सभी प्रखंडों में होंगी तैयारी बैठकें
संतोष वर्मा
चाईबासा : लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा एवं संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने के संकल्प के साथ जिला कांग्रेस कमिटी, पश्चिमी सिंहभूम द्वारा आगामी 7 अक्टूबर 2026 को जिला मुख्यालय चाईबासा में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च निकाला जाएगा। जिला स्तरीय मार्च की तैयारियों को लेकर कांग्रेस भवन, चाईबासा में जिलाध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु की अध्यक्षता में प्रकोष्ठ एवं विभागों के अध्यक्ष/चेयरमैन तथा प्रखंड एवं मंडल अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में 7 अक्टूबर को प्रस्तावित मार्च की विस्तृत रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों, कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी तथा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला स्तरीय मार्च से पूर्व पश्चिमी सिंहभूम के सभी प्रखंडों में प्रखंड अध्यक्षों की अध्यक्षता में तैयारी बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के उद्देश्य से अवगत कराया जाएगा तथा लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की सुरक्षा के मुद्दे को आम जनता तक पहुंचाने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।जिलाध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा से सीधे जुड़ी है। मतदाता का वोट केवल सरकार चुनने का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिक की सबसे महत्वपूर्ण भागीदारी है। इसलिए प्रत्येक मतदाता के अधिकार, मतदाता सूची की शुचिता तथा संविधान प्रदत्त लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूकता आवश्यक है।उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च महज एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जन-जागरूकता का अभियान है। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव से लेकर शहर तक आम लोगों के बीच जाकर इस अभियान के उद्देश्य को पहुंचाएंगे तथा लोकतंत्र एवं मताधिकार की रक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे। बैठक में सभी प्रखंड एवं मंडल अध्यक्षों, प्रकोष्ठ एवं विभागों के अध्यक्ष/चेयरमैन तथा पार्टी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को व्यापक बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। 7 अक्टूबर का ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की सुरक्षा के प्रति सामूहिक संकल्प का सशक्त संदेश बने। इसके लिए संगठन के सभी स्तरों पर तैयारियां तेज कर दी गई है। बैठक में प्रदेश महासचिव सह जिला प्रभारी धर्मेंद्र सोनकर, प्रदेश सचिव सह विधानसभा प्रभारी मायाधर बेहरा, चंद्रशेखर दास, राम सिंह सावैयां, रईस रिजवी छब्बन, संयुक्त सचिव नितिमा बारी, कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा, कामगार कांग्रेस अध्यक्ष हसलुद्दीन खान, शिक्षा विभाग चेयरमैन पुरुषोत्तम दास पान, जिप सदस्य जय प्रकाश महतो, पूर्व प्रदेश सचिव अशरफुल होदा, लियोनर्ड बोदरा, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, जय प्रकाश लागुरी, सिकुर गोप, सीता राम गोप, सोनाराम कोड़ाह, मंजीत प्रधान, सुरेश चंद्र सावैयां, ललित दोराईबुरु, सकारी दोंगो, संजय हेम्ब्रम, राहुल पुरती, मंडल अध्यक्ष सोमा पुरती, बिरसा बारजो, गोरा सिंह पुरती, विजय तिग्गा, मोरन सिंह केराई, अशोक मुंडरी, जगन्नाथ बिरुली, आफताब आलम , आशीष बेहरा, मो. शहनवाज, सुशील दास, मो. असलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
