पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग,मनोहरपुर लायंस एवं चाईबासा चैलेंजर्स सेमीफाईनल में

 पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग,मनोहरपुर लायंस एवं चाईबासा चैलेंजर्स सेमीफाईनल में




संतोष वर्मा

चाईबासाःजिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग के अंतर्गत आज लीग राउंड के अंतिम दो मैच खेले गए। पूर्वाह्न नौ बजे से खेले गए पहले मैच में मनोहरपुर लायंस ने सेमीफाईनल के दौड़ में चल रहे चक्रधरपुर लायंस को एक नजदीकी मुकाबले में तीन विकेट से पराजित कर बाहर का रास्ता दिखा दिया। टास हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चक्रधरपुर रॉयल्स की पूरी टीम 16.2 ओवर में 161 रन पर सिमट गई। एकमात्र सफल बल्लेबाज अनुज उरांव रहा जिसने आठ चौके एवं पाँच छक्के की सहायता से 78 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में श्रेष्ठ ने 39 रनों का योगदान दिया। मनोहरपुर लायंस की ओर से गौरव सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए मात्र नौ रन देकर चार विकेट हासिल किए। सुप्रियो चक्रवर्ती एवं तन्मय तंतुबाई को दो-दो सफलता हाथ लगी। जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने मनोहरपुर लायंस की टीम ने 18.4 ओवर में 165 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया हलांकि इस चक्कर में उन्होनें अपने सात विकेट भी गंवाए। मनोहरपुर लायंस को जीत दिलाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका चंदन मुखी ने निभाई जिसने संकट की घड़ी में नीचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए 63 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी। चक्रधरपुर रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए महेश सुलेंद्र दास ने 28 रन देकर चार तथा हर्ष कुमार ने 24 रन देकर दो विकेट हासिल किए। चंदन मुखी को उसकी शानदार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा जाना था परंतु चंदन मुखी ने बड़ा दिल दिखाते हुए अपना यह पुरस्कार शानदार गेंदबाजी करने वाले गौरव सिंह को समर्पित कर दिया। ये पुरस्कार स्टेक स्पोर्ट्स जी के निदेशक पियुष आनंद ने प्रदान की। 

आज ही अपराह्न एक बजे से खेले गए दूसरे मैच में चाईबासा चैलेंजर्स ने सारंडा वारियर्स को एकतरफा मुकाबले में आठ विकेट से पराजित कर सेमीफाईनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सारंडा वारियर्स की पूरी टीम 19.4 ओवर में 205 रन बनाकर आल आउट हो गई। इस टीम की ओर से कुमार करण ने पाँच चौके एवं नौ छक्के की मदद से 92 रन बनाए और मात्र आठ रन के अंतर से शतक बनाने से चूक गया। अंकित शर्मा ने भी 43 रनों की पारी खेली। चाईबासा चैलेंजर्स की ओर से एमोस एक्का ने 43 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। सचिन भाटी एवं हर्ष राणा को दो-दो सफलता हाथ लगी। जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी चाईबासा चैलेंजर्स की टीम ने सचिन दूबे के शानदार शतकीय पारी की बदौलत 17 ओवर में मात्र दो विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। सचिन ने नौ चौके एवं आठ छक्के की मदद से 107 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और मैन आफ द मैच का हकदार बना। अरविंद कुमार ने भी 61 रनों की उपयोगी पारी खेली। 

मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के सहायक सचिव शाहिद अख्तर ने चाईबासा चैलेंजर्स के सचिन दूबे को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा। कल इस प्रतियोगिता के दोनों सेमी फाईनल मैच खेले जाएंगे। पूर्वाह्न नौ बजे से पहले सेमीफाईनल मैच में कोल्हान किंग का मुकाबला जगन्नाथपुर टाइगर्स से एवं दूसरे सेमीफाईनल में अपराह्न एक बजे मनोहरपुर लायंस का मुकाबला चाईबासा चैलेंजर्स से होगा।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post