अवैध खनिज परिवहन पर जिला खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई : जगन्नाथपुर में गिट्टी लदा 10 चक्का हाइवा जब्त

 अवैध खनिज परिवहन पर जिला खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई : जगन्नाथपुर में गिट्टी लदा 10 चक्का हाइवा जब्त



संतोष वर्मा

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध खनन, खनिजों के गैर-कानूनी परिवहन और अवैध भंडारण पर नकेल कसने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। जिला खनन टास्क फोर्स द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सघन जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत टास्क फोर्स ने जगन्नाथपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से खनिज ले जा रहे एक भारी वाहन को जब्त किया है।

बिना वैध चालान के हो रहा था गिट्टी का परिवहन

मिली जानकारी के अनुसार, जिला खनन टास्क फोर्स की टीम जगन्नाथपुर क्षेत्र अंतर्गत मोंगरा-डलपोश रोड के समीप वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक 10 चक्का हाइवा (वाहन संख्या: JH06G-6504) को रोककर जांच की गई। जांच के क्रम में पाया गया कि हाइवा में भारी मात्रा में गिट्टी लादी गई थी। जब टीम ने वाहन चालक से गिट्टी के परिवहन से संबंधित वैध चालान और दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, तो चालक कोई भी वैध कागजात दिखाने में असमर्थ रहा।

वाहन जब्त, जगन्नाथपुर पुलिस को सौंपा

खनिज के वैध परिवहन चालान के अभाव में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त 10 चक्का हाइवा को नियमानुसार जब्त कर लिया। इसके बाद जब्त वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए जगन्नाथपुर थाना के सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस और खनन विभाग द्वारा संबंधित नियमों एवं कानूनी प्रावधानों के तहत मामले दर्ज कर अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

खनन माफियाओं पर जारी रहेगा शिकंजा: जिला खनन पदाधिकारी

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला खनन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में प्राकृतिक संसाधनों की चोरी और अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति या वाहन मालिक खनिजों के अवैध दोहन, गैर-कानूनी भंडारण या परिवहन में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post