पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग,जगन्नाथपुर टाइगर्स एवं मनोहरपुर लायंस फाईनल में, खिताबी भिड़ंत कल
संतोष वर्मा
चाईबासाःपश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे टी-20 लीग के अंतर्गत आज खेले गए सेमीफाईनल मैच में जगन्नाथपुर टाइगर्स ने कोल्हान किंग को तथा मनोहरपुर लायंस ने चाईबासा चैलेंजर्स को पराजित कर फाईनल में प्रवेश किया। 28 सितंबर से शुरू हुए पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग का फाईनल मुकाबला कल दोपहर साढ़े बारह बजे से खेला जाएगा।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए पहले सेमीफाईनल मैच में टॉस जगन्नाथपुर टाइगर्स के कप्तान ने जीता तथा विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोल्हान किंग की पूरी टीम 19.3 ओवर में 162 रन बनाकर आल आउट हो गई। कोल्हान किंग की ओर से सन्नी मिश्रा ने 37 एवं राम रौशन शरण ने 29 रन बनाए। जगन्नाथपुर टाइगर्स की ओर से सबसे अच्छी गेंदबाजी डेविड सागर मुंडा ने की जिसने मात्र 25 रन देकर चार विकेट हासिल किए। कप्तान विकास सिंह एवं ए० पवन कुमार ने दो-दो विकेट चटकाए।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी जगन्नाथपुर टाइगर्स की टीम ने 19.4 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। जगन्नाथपुर टाइगर्स की ओर से कुलदीप मंडल ने पाँच चौके एवं चार छक्के की सहायता से 61, अतुल सिंह सुरवर ने छः चौके एवं दो छक्के की मदद से 51 एवं युवराज कुमार ने मात्र नौ गेंदों पर दो चौके एवं चार छक्के की सहायता से नाबाद 34 रन रन बनाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कोल्हान किंग की ओर से गेंदबाजी करते हुए विकास यादव ने 12 रन देकर चार तथा हृतिक अनंत ने 29 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव ओम प्रकाश गुप्ता ने जगन्नाथपुर टाइगर्स के युवराज कुमार को उसकी शानदार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया।
आज ही अपराह्न एक बजे से खेले गए दूसरे सेमीफाईनल मैच में मनोहरपुर लायंस ने चाईबासा चैलेंजर्स को दो विकेट से पराजित कर फाईनल में प्रवेश किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चाईबासा चैलेंजर्स की टीम ने बीस ओवर में छः विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए। पिछले मैच में शतक बनाने वाले सचिन दूबे ने एक बार फिर अच्छी बल्लेबाजी की और सात चौके एवं पाँच छक्के की सहायता से 65 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज सुमित कुमार ने 51 एवं अरविंद कुमार ने 37 रनों का योगदान दिया। मनोहरपुर लायंस की ओर से मयंक पॉल ने 43 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। तन्मय तंतुबाई को एक सफलता हाथ लगी।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी मनोहरपुर लायंस की स्थिति उस समय काफी खराब हो गई थी जब उसके तीन विकेट मात्र 11 रन के स्कोर पर ही गिर गए। 97 रन के स्कोर पर जब मनोहरपुर लायंस के पाँच विकेट गिरे तो ऐसा लगा मानों मैच चाईबासा चैलेंजर्स के हाथ से निकल गया परंतु यहाँ से सुप्रियो चक्रवर्ती ने बल्लेबाजी की ऐसा समा बाँधा कि चाईबासा चैलेंजर्स की पूरी टीम देखती रह गई और मैच उनके हाथ से निकल गया। सुप्रियो ने मात्र 39 गेंदों पर नौ चौके एवं आठ छक्के की मदद से 95 रनों की धुआँधार पारी खेलकर टीम को फाईनल में पहूँचाया और मैन आफ द मैच का हकदार बना। अन्य बल्लेबाजों में चंदन मुखी ने 35 एवं विजय रोहित ने नाबाद 23 रन बनाए। चाईबासा चैलेंजर्स की ओर से सचिन भाटी ने 37 रन देकर तीन तथा सचिन दूबे ने 20 रन देकर दो विकेट हासिल किए। मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में झारखण्ड रणजी टीम के बॉलिंग कोच सह पूर्व रणजी खिलाड़ी यजूवेंद्र कृष्णात्री ने मनोहरपुर लायंस के सुप्रियो चक्रवर्ती को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा।



