स्वाइन फ्लू (H1N1) से बचाव के लिए जागरूकता अभियान तेज, माननीय मंत्री ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

 स्वाइन फ्लू (H1N1) से बचाव के लिए जागरूकता अभियान तेज, माननीय मंत्री ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना



प्रचार वाहन के माध्यम से आमजन को संक्रमण की पहचान, बचाव एवं क्या करें-क्या न करें की दी जाएगी जानकारी


संतोष वर्मा

Chaibasa ः पश्चिमी सिंहभूम जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1) के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से सूबे के माननीय मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार और परिवहन विभाग, दीपक बिरुआ, माननीय सिंहभूम सांसद श्रीमती जोबा माझी,विधायक मंझगांव निरल पुरती, माननीय विधायक चक्रधरपुर सुखराम उरांव, माननीय विधायक जगन्नाथपुर सोनाराम सिंकु, माननीय विधायक मनोहरपुर जगत माझी के द्वारा उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू व उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार की मौजूदगी में प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह प्रचार वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को स्वाइन फ्लू के संक्रमण, उसके लक्षणों, बचाव के उपायों तथा संक्रमण की स्थिति में आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करेगा।

इस अवसर पर कहा गया कि संक्रामक रोगों से बचाव के लिए जागरूकता और समय पर सावधानी अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रचार वाहन के माध्यम से लोगों तक सरल एवं स्पष्ट भाषा में यह संदेश पहुंचाया जाएगा कि स्वाइन फ्लू के लक्षणों को कैसे पहचाना जाए तथा संक्रमण से बचाव के लिए कौन-कौन सी सावधानियां अपनाई जाएं।

स्वाइन फ्लू अर्थात H1N1 इन्फ्लुएंजा ए वायरस का एक प्रकार है, जो एक संक्रामक श्वसन संक्रमण है और संक्रमित व्यक्ति के निकट संपर्क, खांसने या छींकने के दौरान निकलने वाली बूंदों तथा संक्रमित सतहों को छूने के बाद आंख, नाक या मुंह को छूने से फैल सकता है। 

*◆ संक्रमण की पहचान कैसे करें*

प्रचार वाहन के माध्यम से आमजन को बताया जाएगा कि तेज बुखार या ठंड लगना, लगातार खांसी, गले में खराश, नाक बहना या नाक बंद होना, सिरदर्द, शरीर एवं मांसपेशियों में दर्द, अत्यधिक थकान, भूख कम लगना, मतली या उल्टी जैसे लक्षण स्वाइन फ्लू के संकेत हो सकते हैं। सांस लेने में कठिनाई या सांस फूलना गंभीर स्थिति का संकेत हो सकता है, ऐसी स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेना आवश्यक है। 

*◆ स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए क्या करें*

आमजन को सलाह दी जाएगी कि खांसते या छींकते समय अपने मुंह और नाक को ढकें, नियमित रूप से साबुन और पानी से हाथ धोएं, पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ का सेवन करें तथा पौष्टिक एवं स्वस्थ भोजन लें। अस्वस्थ महसूस होने पर घर पर रहकर पर्याप्त आराम करें और लक्षण बने रहने पर चिकित्सक से परामर्श अवश्य लें। 

*◆ क्या न करें*

स्वाइन फ्लू के संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को संक्रमित अथवा अस्वस्थ व्यक्तियों के निकट संपर्क से बचने, अनावश्यक हाथ मिलाने से परहेज करने, सार्वजनिक स्थानों पर न थूकने तथा बिना हाथ साफ किए आंख, नाक और मुंह को छूने से बचने की सलाह दी जाएगी। इस्तेमाल किए गए टिश्यू को दोबारा उपयोग नहीं करने, भीड़भाड़ वाले स्थानों से यथासंभव बचने तथा चिकित्सक की सलाह के बिना एंटीबायोटिक या अन्य दवाओं का सेवन नहीं करने का संदेश भी प्रचार वाहन के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा। 

*◆ इन लोगों को विशेष सावधानी की आवश्यकता*

गर्भवती महिलाओं, शिशुओं एवं छोटे बच्चों, 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों तथा पुरानी बीमारियों या कम प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। समय पर लक्षणों की पहचान और चिकित्सकीय परामर्श से बीमारी का प्रभाव कम किया जा सकता है। 

जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा H1N1 से संबंधित संभावित स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर घबराएं नहीं, बल्कि समय पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सक से परामर्श लें तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post