झारखंड के खनिज अधिकार और वित्तीय स्वायत्तता के लिए 7 सितंबर को रांची में कांग्रेस का महा-धरना

 झारखंड के खनिज अधिकार और वित्तीय स्वायत्तता के लिए 7 सितंबर को रांची में कांग्रेस का महा-धरना

कांग्रेस जिला अध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु के नेतृत्व में पश्चिमी सिंहभूम से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन होंगे शामिल

संतोष वर्मा

चाईबासा : झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों पर राज्य के अधिकार, वित्तीय स्वायत्तता एवं संघीय ढांचे की मजबूती तथा श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से संबंधित चंदे में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर 7 सितंबर 2026 को रांची स्थित लोकभवन के समक्ष कांग्रेस का प्रदेशस्तरीय महा-धरना आयोजित किया जाएगा। इस महा-धरना में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु के नेतृत्व में जिले के कांग्रेसजन बड़ी संख्या में शामिल होंगे। इस संबंध में कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने बुधवार को कहा कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार राज्य के अधिकारों और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में 7 सितंबर को रांची में प्रदेशस्तरीय महा-धरना आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 में किए गए प्रावधानों से झारखंड के खनिज संसाधनों एवं उनसे प्राप्त होने वाले राजस्व पर राज्य के अधिकार प्रभावित होने की आशंका है। झारखंड देश के प्रमुख खनिज संपदा वाले राज्यों में शामिल है और खनन से जुड़े सामाजिक एवं पर्यावरणीय दुष्प्रभावों का भार भी राज्य को ही उठाना पड़ता है। ऐसे में राज्य के प्राकृतिक संसाधनों से प्राप्त राजस्व का उपयोग झारखंड के विकास और जनकल्याण के लिए किए जाने का अधिकार राज्य को मिलना न्यायसंगत है।

त्रिशानु राय ने कहा कि इसके साथ ही श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से संबंधित चंदे एवं वित्तीय पारदर्शिता का विषय भी अत्यंत गंभीर है। देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं ने आस्था और विश्वास के साथ मंदिर निर्माण के लिए अपना योगदान दिया है। इसलिए चंदे से जुड़े प्रत्येक आर्थिक लेन-देन में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और सार्वजनिक विश्वास सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। कांग्रेस की मांग है कि श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए योगदान का पारदर्शी एवं निष्पक्ष लेखा-जोखा सार्वजनिक किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय हो। उन्होंने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिला के कांग्रेसजन इन दोनों जनहित के मुद्दों को लेकर प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आंदोलन में अपनी मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करेगी। जिलाध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु के नेतृत्व में जिले के कांग्रेसी बड़ी संख्या में रांची पहुंचकर प्रदेशस्तरीय महा-धरना को सफल बनाएंगे।उन्होंने पश्चिमी सिंहभूम के सभी कांग्रेसजनों से आह्वान किया कि वे 7 सितंबर को रांची पहुंचकर महा-धरना में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और झारखंड के अधिकारों, वित्तीय स्वायत्तता तथा पारदर्शिता एवं जवाबदेही की लड़ाई को मजबूती प्रदान करें।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post