मतदाता सूची से संबंधित दस्तावेजों एवं विसंगतियों के निराकरण की प्रक्रिया का जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया निरीक्षण

मतदाता सूची से संबंधित दस्तावेजों एवं विसंगतियों के निराकरण की प्रक्रिया का जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया निरीक्षण



चाईबासा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र पर पहुंचकर जनसुनवाई कार्यक्रम का लिया जायजा, शहरी क्षेत्र में मकानों पर लगाए गए स्टीकरों का भी किया अवलोकन

संतोष वर्मा

Chaibasa ःपश्चिमी सिंहभूम जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार द्वारा मतदाता सूची से संबंधित कार्यों के क्रम में नोटिस प्राप्त मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच, सत्यापन एवं विभिन्न मामलों में पाई गई विसंगतियों के निराकरण हेतु की जा रही कार्रवाई का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार चाईबासा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या-98, मारवाड़ी हिंदी मध्य विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने नोटिस प्राप्त मतदाताओं के लिए आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम का जायजा लिया तथा संबंधित मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया का अवलोकन किया।

इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत पहचान एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का संबंधित अभिलेखों एवं उपलब्ध विवरणों के साथ किए जा रहे मिलान की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने दस्तावेजों की जांच, तथ्यों के सत्यापन तथा मतदाता सूची एवं संबंधित अभिलेखों में दर्ज विवरणों में पाई गई विसंगतियों के निराकरण हेतु की जा रही कार्रवाई का भी जायजा लिया। साथ ही, उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से प्राप्त दस्तावेजों की जांच के उपरांत मामलों के नियमानुसार निष्पादन की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं निर्वाचन कर्मियों को निर्देशित किया कि नोटिस प्राप्त मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत सभी दस्तावेजों का गंभीरतापूर्वक एवं नियमानुसार परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। दस्तावेजों एवं उपलब्ध अभिलेखों के सत्यापन के क्रम में पाई जाने वाली किसी भी विसंगति का निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप निराकरण किया जाए तथा प्रत्येक मामले में निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित हो। उन्होंने जनसुनवाई के लिए आने वाले मतदाताओं को आवश्यक सहयोग एवं समुचित जानकारी उपलब्ध कराने पर भी बल दिया।

जनसुनवाई कार्यक्रम के निरीक्षण के उपरांत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने चाईबासा शहरी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर मतदाता सूची से संबंधित कार्यों के क्रम में विभिन्न मकानों पर लगाए गए स्टीकरों का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में संचालित सत्यापन एवं अन्य संबंधित निर्वाचन कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं निर्वाचन कर्मियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए दस्तावेजों की जांच, मतदाता सत्यापन एवं अन्य निर्वाचन कार्यों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ ससमय तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग, चाईबासा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, मतदान केंद्र के बीएलए-2 त्रिशाणु राय, बीएलओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं निर्वाचन कर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post