बालकुंज चाईबासा के बच्चों की सुविधाओं में बढ़ोतरी, जनप्रतिनिधियों ने आवश्यक सामग्री प्रदान की
संतोष वर्मा
chaibasa ःपश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत परिसदन, चाईबासा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बालकुंज, चाईबासा में आवासित बच्चों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक उपयोगी सामग्रियों का वितरण किया गया। माननीय मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन विभाग, श्री दीपक बिरुआ, माननीय सांसद सिंहभूम श्रीमती जोबा माझी, माननीय विधायक मंझगांव श्री नीरल पुरती, माननीय विधायक चक्रधरपुर श्री सुखराम उरांव, माननीय विधायक जगन्नाथपुर श्री सोनाराम सिंकु एवं माननीय विधायक मनोहरपुर श्री जगत माझी के कर-कमलों द्वारा बालकुंज संचालक को उक्त सामग्री प्रदान की गई। इस अवसर पर उपायुक्त श्री मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री अमित रेनू एवं उप विकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार भी मौजूद रहे।
बालकुंज में रह रहे बच्चों के आवासीय एवं दैनिक उपयोग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 10 बेड, गद्दे, तकिए, चादर एवं कंबल उपलब्ध कराए गए। इसके अतिरिक्त बच्चों के भोजन एवं दैनिक उपयोग की सुविधा के लिए प्लेट, कटोरी, गिलास एवं चम्मच सहित कुल 60 पीस बर्तन सेट तथा दो गैस चूल्हा एवं सिलेंडर भी बालकुंज संचालक को प्रदान किए गए।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि बालकुंज में रह रहे बच्चों को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि उनके समुचित विकास में किसी प्रकार की बाधा न आए।उपलब्ध कराई गई सामग्रियों से बालकुंज में रह रहे बच्चों की आवासीय एवं दैनिक जरूरतों की पूर्ति में सुविधा होगी तथा वहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जा सकेगा। बालकुंज संचालक द्वारा इस सहयोग के लिए जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
