Chaibasa News: विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर युवाओं को किया गया जागरूक


चाईबासा: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के आलोक में शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक दिवसीय उन्मुखीकरण सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम TSS DS प्राइवेट आईटीआई कॉलेज में आयोजित हुआ, जिसमें प्रशिक्षुओं को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू की लत से दूर रखते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता अनूप बागे ने तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तंबाकू के सेवन से बाल झड़ना, मोतियाबिंद, दांतों की सड़न, फेफड़े का कैंसर, हृदय रोग, पेट में अल्सर, गैंग्रीन, अस्थमा एवं अन्य श्वसन संबंधी बीमारियां हो सकती हैं। उन्होंने तंबाकू के सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

अनूप बागे ने कहा कि युवाओं को तंबाकू से दूर रहकर अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने बताया कि कोटपा अधिनियम 2003 एवं इसके संशोधित संस्करण 2021 के तहत तंबाकू नियंत्रण के लिए कई प्रावधान किए गए हैं, जिनका सख्ती से पालन आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ तंबाकू का त्याग करने की अपील की।

इस दौरान सदर अस्पताल में संचालित तंबाकू निवारण केंद्र (TCC) की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि तंबाकू की लत छोड़ने के इच्छुक लोग इस केंद्र में इलाज करा सकते हैं या राष्ट्रीय टोल फ्री नंबर 1800-11-2356 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने तंबाकू का सेवन नहीं करने की शपथ ली। मौके पर आईटीआई कॉलेज के प्रिंसिपल सहित अन्य कर्मचारी एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post