हर हाल में एक पारदर्शी और सटीक मतदाता सूची तैयार करना है : संजय कुमार

 हर हाल में एक पारदर्शी और सटीक मतदाता सूची तैयार करना है : संजय कुमार








ssantosh verma

Chaibasa:  झारखंड में मतदाता सूची की एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) की तैयारी तेज हो गई है। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी -सह- अनुमंडल पदाधिकारी , सदर चाईबासा संजय कुमार  ने शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ  बैठक कर एसआईआर की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिहीन बनाने के लिए घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य किया जाएगा। राज्य में मतदाताओं को पिछले गहन पुनरीक्षण की सूची से मैपिंग करने का काम शुरू कर दिया गया है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक वोटर लिस्ट में शामिल होने से वंचित न रह जाए। संजय कुमार ने बताया कि इस एसआईआर अभियान की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बीएलओ की घर-घर दस्तक होगी। बीएलओ न केवल प्रत्येक घर जाकर इन्यूमेरेशन फॉर्म देंगे और उन्हें भरकर वापस लेंगे, बल्कि हर घर के बाहर एक विशेष स्टिकर भी लगाएंगे। इस स्टिकर पर मतदाता के घर की संख्या के साथ-साथ उनके संबंधित बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर भी दर्ज होगा। निर्वाचन आयोग की इस पहल का उद्देश्य यह है कि आम नागरिक को मतदाता सूची से जुड़ी किसी भी समस्या या नाम जुड़वाने के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े और वे सीधे अपने बीएलओ से संपर्क कर सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि लक्ष्य हर हाल में एक पारदर्शी और सटीक मतदाता सूची तैयार करना है। बैठक के दौरान संजय कुमार ने राजनीतिक दलों से भी सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी दल अपने मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट दो की नियुक्ति में तेजी लाएं, ताकि एसआईआर के दौरान बीएलओ के साथ बेहतर समन्वय बना रहे। इसके साथ ही बीएलए दो की ट्रेनिंग पर भी जोर दिया गया ताकि जमीनी स्तर पर काम करते समय किसी तरह का संशय न रहे। ड्राफ्ट पब्लिकेशन, नोटिफिकेशन और सुनवाई की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में कांग्रेस से त्रिशानु राय , भाजपा से रंजन प्रसाद , बसपा से जेम्स हेम्ब्रम , झामुमो से इकबाल अहमद , कैसर परवेज , राजद से मो.अलताब उपस्थित थे ।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post