West Singbhum Teacher's Gratitude: पश्चिमी सिंहभूम में 278 शिक्षक-शिक्षिकाओं की सेवा संपुष्टि पूरी, शिक्षक संघ ने जताया आभार


चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में नवपदस्थापित 278 शिक्षक-शिक्षिकाओं की सेवा संपुष्टि प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई है। इसको लेकर झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ, पश्चिमी सिंहभूम इकाई ने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है। संघ द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि दिनांक 25 मई 2026 को जिले के कुल 278 शिक्षक-शिक्षिकाओं की सेवा संपुष्टि की प्रक्रिया पूरी की गई। दो वर्ष की सेवा पूर्ण होने के बाद इतनी त्वरित एवं सुव्यवस्थित तरीके से सेवा संपुष्टि कराया जाना शिक्षा प्रशासन की सकारात्मक कार्यसंस्कृति को दर्शाता है।

संघ ने विशेष रूप से पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उनके पदभार ग्रहण करने के बाद विभिन्न विभागों में सक्रिय प्रशासनिक पहल, निरंतर निगरानी एवं त्वरित कार्यशैली देखने को मिल रही है। जिला स्थापना समिति के अध्यक्ष के रूप में उनके मार्गदर्शन एवं सकारात्मक पहल से शिक्षा विभाग का यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।


वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी के कुशल नेतृत्व एवं सतत निगरानी की भी सराहना की गई। संघ ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में जिले के तीनों अनुमंडल - चक्रधरपुर, जगन्नाथपुर एवं सदर में विशेष कैंप आयोजित कर सेवा पुस्तिकाओं का संधारण, त्रुटि सुधार एवं आवश्यक प्रक्रियाओं को पहले ही पूरा कर लिया गया था। अब सेवा संपुष्टि की अंतिम प्रक्रिया भी सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है।

संघ ने क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी सुश्री शालिनी डुंगडुंग, मनोहरपुर के क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार पासवान तथा जगन्नाथपुर के क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी के निष्पक्ष जांच, त्वरित सत्यापन एवं सकारात्मक सहयोग की भी सराहना की।

इसके अलावा जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के सभी लिपिक कर्मियों एवं पूरी कार्यालय टीम के प्रयास, समर्पण एवं समन्वय को भी संघ ने सराहा। संघ का कहना है कि इस प्रकार के सकारात्मक प्रशासनिक कार्यों से शिक्षक समुदाय में नई ऊर्जा, विश्वास एवं उत्साह का संचार होता है तथा शिक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत बनती है।

संघ की ओर से अर्जुन पूर्ति, मनोज राउत, मंजीत बानरा, विनोद कुमार ओझा, संजय देवगाम, सुमित कुमार हासदा समेत अन्य सदस्यों ने भी जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post