सरायकेला: सरायकेला जिले के गम्हरिया प्रखंड सभागार में मंगलवार को राज्य कर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रखंड एवं अंचल कर्मियों की आंखों की जांच आधुनिक उपकरणों के माध्यम से की गई।
मिली जानकारी के अनुसार शिविर में बड़ी संख्या में कर्मियों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच करवाई। खबर लिखे जाने तक लगभग 39 लोगों की सफलतापूर्वक नेत्र जांच की जा चुकी थी। शिविर में मौजूद चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों की आंखों की जांच कर आवश्यक परामर्श भी दिया। इस दौरान डॉक्टर शायला शकील, मौसमी चंद्रा, मोहसिन एवं लक्ष्मी कुमारी उपस्थित रहीं।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि समय रहते आंखों से संबंधित समस्याओं की पहचान एवं उपचार संभव हो सके।
