“मजदूरों के हक और सम्मान की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी” — गीता कोड़ा
santosh verma
Chaibasaः सांसद सह भारतीय जनता पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने आज पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के साथ मनोहरपुर अंतर्गत सेल आयरन ओर माइंस चिरियां क्षेत्र पहुंचकर सुकरी-दुबिल माइंस एवं सप्लाई मजदूरों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना तथा उनकी समस्याओं से अवगत हुईं।
इस दौरान मजदूरों ने कई महीनों से बकाया वेतन, ग्रेच्युटी, मेडिकल सुविधा, लीव वेज एवं अन्य वैधानिक सुविधाओं के भुगतान नहीं होने की समस्या रखी। मजदूर प्रतिनिधियों में मोहनलाल चौबे, तरिणी सेन नाग, बीस केसन दास, मनोहर झा, राजकुमार लोहार, देवलाल मुखी, केदारनाथ, रतन हो, राज कुमार ग्वाला, घनश्याम दंडपती, रंगो मुण्डा सहित अन्य मजदूर उपस्थित थे।
गीता कोड़ा एवं मधु कोड़ा ने सेल चिरिया के जीएम रवि रंजन एवं एचआर पर्सनल विकास दयाल से मुलाकात कर मजदूरों की समस्याओं को गंभीरता से रखा। इस दौरान गीता कोड़ा ने मनोहरपुर लौह अयस्क खान प्रबंधन को पत्र सौंपते हुए मजदूरों के बकाया वेतन एवं अन्य वैधानिक सुविधाओं का अविलंब भुगतान कराने, मजदूरों की छंटनी रोकने तथा प्रभावित परिवारों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।
गीता कोड़ा ने झारखंड सरकार एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के समय जल, जंगल, जमीन का नारा देकर जनता को गुमराह किया जाता है, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही मजदूरों और बेरोजगार युवाओं को उनके हाल पर छोड़ दिया जाता है। वर्षों से बंद पड़े खदानों को पुनः चालू करवाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई, जिसके कारण क्षेत्र में बेरोजगारी और पलायन लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि मजदूरों की मांगों को लेकर प्रबंधन, सहयोग से समाधान निकालने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। गीता कोड़ा ने कहा, “जहां कहीं भी मजदूरों के साथ अन्याय होगा, आपकी बहन गीता कोड़ा कंधे से कंधा मिलाकर मजदूरों के साथ खड़ी रहेगी।”

