सेल गुवा अस्पताल का घेराव, स्वास्थ्य सेवाओं पर उठे सवाल

 सेल गुवा अस्पताल का घेराव, स्वास्थ्य सेवाओं पर उठे सवाल



santosh verma

Chaibasaःगुवा स्थित सेल अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन ने सोमवार शाम बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। संघ के बैनर तले सैकड़ों ठेका मजदूर एवं सेल कर्मियों ने शाम करीब 5 बजे अस्पताल परिसर का घेराव कर जोरदार नारेबाजी की। लगभग एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे के नेतृत्व में प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में अस्पताल की गिरती व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा गया कि जब से डॉ. ए.के. अमन को चिकित्सा प्रभारी बनाया गया है, तब से स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। 



इसका सीधा असर सेल कर्मियों, स्थानीय निवासियों और आसपास के ग्रामीणों पर पड़ रहा है। संघ ने आरोप लगाया कि अस्पताल कर्मियों का व्यवहार मरीजों और उनके परिजनों के प्रति ठीक नहीं है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। संघ ने अस्पताल की कई बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इसमें दवाइयों की नियमित उपलब्धता, वार्ड, स्नानघर और शौचालयों की साफ-सफाई, नई एक्स-रे मशीन की व्यवस्था तथा मरीजों के लिए भोजन और नाश्ते की उचित सुविधा शामिल है। इसके अलावा रविवार को लैब खोलने, सभी मरीजों के लिए सलाइन उपलब्ध कराने, गर्भवती महिलाओं के लिए बेहतर प्रसूति सुविधा और अल्ट्रासोनोग्राफी की व्यवस्था की मांग भी की गई। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि राउरकेला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इलाजरत मरीजों को रेफर करने में अनावश्यक परेशानियां होती हैं, जिसे तत्काल दूर किया जाना चाहिए।



 साथ ही ठेका कर्मियों के इलाज और दवाइयों के बिल भुगतान में देरी तथा अस्पताल परिसर में गंदगी और मच्छरों की समस्या पर भी नाराजगी जताई गई। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा, जिसमें गुवा आयरन माइंस का उत्पादन और डिस्पैच ठप करने जैसे कड़े कदम शामिल हो सकते हैं। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि संबंधित उच्च अधिकारियों और गुवा थाना प्रभारी को भी भेजी गई है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post