Chaibasa News: चाईबासा में उपायुक्त ने की विभिन्न शाखाओं की समीक्षा, समय पर कार्य निष्पादन के दिए निर्देश


चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में विधि शाखा, निर्वाचन शाखा एवं नीलाम पत्र शाखा के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर उपायुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में निर्वाचन शाखा के कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ के माध्यम से नोशनल हाउस स्टीकर का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण में कोई बाधा न आए। साथ ही प्रपत्र-6, 7 और 8 के त्वरित निष्पादन पर जोर देते हुए लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने जनगणना-2027 के तहत शुरू हुई स्व-गणना प्रक्रिया को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और नागरिकों को इसके लिए जागरूक करने पर बल दिया।

नीलाम पत्र वाद की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने अधिक से अधिक मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश देते हुए पंजी 9 और पंजी 10 का मिलान कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। वहीं विधि शाखा के अंतर्गत ई-रेवेन्यू मामलों को आरसीएमएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में हाई कोर्ट में लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों को संबंधित मामलों में तत्परता से कार्रवाई करने और आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा आपदा एवं अनुकंपा से जुड़े मामलों में सत्यापित फोटो और अन्य आवश्यक कागजात उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से कार्य करें, ताकि प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाई जा सके।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post