चाईबासा: जनगणना-2027 के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले में स्व-गणना प्रक्रिया की शुरुआत हो चुकी है। शनिवार को सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर के विधायक जगत माझी ने स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर आम लोगों को प्रेरित किया।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्व-गणना के माध्यम से अपनी प्रविष्टियां स्वयं दर्ज करें। प्रशासन के अनुसार यह सुविधा 1 मई 2026 से शुरू होकर अगले 15 दिनों तक उपलब्ध रहेगी, जिसमें लोग अपनी पसंद की भाषा में जानकारी भर सकते हैं।
स्व-गणना के लिए नागरिकों को आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा। प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और सहभागितापूर्ण बनाना है।
प्रशासन ने सभी नागरिकों से जनगणना में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि सटीक आंकड़ों के आधार पर विकास योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू किया जा सके।
