सरायकेला: सरायकेला जिले के चंदिल अनुमंडल क्षेत्र में उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ खनन विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में सोमवार देर रात एवं तड़के सुबह संयुक्त जांच अभियान चलाकर दो लौह अयस्क वाहनों को जब्त किया गया, वहीं 22,500 घनफीट अवैध बालू भंडारण पर भी कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथी, खान निरीक्षक समीर ओझा एवं चौका थाना प्रभारी के संयुक्त नेतृत्व में जमशेदपुर-रांची राष्ट्रीय उच्च पथ (NH-33) पर औचक वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान लौह अयस्क लदे वाहन संख्या JH05DL1151 एवं NL01AF5867 के चालक वैध परिवहन संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों वाहनों को विधिसम्मत कार्रवाई के लिए चौका थाना में जब्त कर सुपुर्द कर दिया गया।
इसके बाद तड़के सुबह ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वर्णरेखा नदी तट स्थित सोड़ो जारगोडीह बालू घाट में भी औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। जांच के दौरान मौके पर अवैध खनन गतिविधि नहीं मिली, लेकिन विभिन्न जीआर स्थलों पर अवैध रूप से भंडारित करीब 22,500 घनफीट बालू को जब्त कर सुरक्षार्थ सुपुर्द किया गया। प्रशासन ने बताया कि जब्त बालू की ई-नीलामी की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा आगे भी लगातार सघन जांच अभियान जारी रहेगा।
