Chaibasa Street Food Inspection: चाईबासा में स्ट्रीट फूड वेंडर्स की जांच, गंदगी पर चेतावनी और रंगीन चटनी नष्ट


चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। शनिवार को जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम के नेतृत्व में चाईबासा शहर के विभिन्न इलाकों में स्ट्रीट फूड वेंडर्स की स्वच्छता की गहन जांच की गई।

जांच के दौरान जेवियर चौक पताहातु, बस स्टैंड, बाबा मंदिर, महुलसाई, गांधी टोला और मधु बाजार चौक के आसपास संचालित ठेले-खोमचे की स्थिति का निरीक्षण किया गया। कई स्थानों पर साफ-सफाई की स्थिति असंतोषजनक पाई गई। साथ ही आलू चॉप, समोसा, जलेबी, पकौड़ी और चाट जैसी खाद्य सामग्री खुले में रखी मिली।

इस पर अधिकारियों ने सभी संचालकों को जालीदार ढक्कन या शीशे के कैबिनेट का उपयोग करने का निर्देश दिया। इसके अलावा एप्रोन, हेड कवर और ग्लव्स पहनकर कार्य करने, शुद्ध पेयजल का इस्तेमाल करने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई।

जांच के दौरान कुछ ठेलों पर चाट और चटनी में चंपा/गाय छाप रंग के उपयोग की पुष्टि होने पर संबंधित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा ऐसे रंगों का इस्तेमाल करते पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की जांच अभियान जारी रहेगा।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post