उपायुक्त चंदन कूमार नें चाईबासा जिला समाहरणालय परिसर में स्वयं सहायता समूह (SHG) के सौजन्य से पलाश दीदी कैफे का किया उद्घाटन
समाहरणालय परिसर में दीदी कैफे के संचालन से आम नागरिकों एवं कार्यालय कर्मियों के लिए ताजा एवं गर्म भोजन, नाश्ता, चाय एवं स्नैक्स की समुचित व्यवस्था रहेगीःउपायुक्त चंदन
संतोष वर्मा
Chaibasaःगुरूवार को पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा जिला समाहरणालय परिसर में स्वयं सहायता समूह (SHG) के सौजन्य से नवअधिष्ठापित पलाश दीदी कैफे का विधिवत उद्घाटन जिला दण्डाधिकारी सह-उपायुक्त चंदन कुमार के द्वारा उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी की मौजूदगी में किया गया। इस दीदी कैफे का संचालन सदर चाईबासा प्रखंड के सपना स्वयं सहायता समूह द्वारा किया जा रहा है और समूह ने क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) के माध्यम से ₹3,00,000 (तीन लाख रुपये) का ऋण प्राप्त किया है। जिसके आधार पर दीदी कैफे की स्थापना की गई एवं आज इसका शुभारंभ किया गया।झ
शुभारंभ के उपरांत उपायुक्त ने कहा कि समाहरणालय परिसर में दीदी कैफे के संचालन से आम नागरिकों एवं कार्यालय कर्मियों के लिए ताजा एवं गर्म भोजन, नाश्ता, चाय एवं स्नैक्स की समुचित व्यवस्था रहेगी। इस दौरान उपायुक्त के द्वारा समाहरणालय में दीदी कैफे के अधिष्ठापन में तत्परता एवं सक्रिय प्रयासों हेतु जिले के डीडीसी की सराहना की गई। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त जिले के पारंपरिक एवं स्थानीय खाद्य पदार्थ भी यहाँ उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे स्थानीय संस्कृति एवं पारंपरिक खानपान को प्रोत्साहन मिलेगा। यह पहल महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार सृजन तथा स्वयं सहायता समूहों की आजीविका सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। दीदी कैफे से महिलाओं को स्थायी आय का स्रोत प्राप्त होगा तथा सरकारी कार्यालय परिसर में गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ खाद्य सेवा सुनिश्चित होगी।
उद्घाटन कार्यक्रम में जेएसएलपीएस जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री आशियानी मड़की, जेएसएलपीएस जिला मिशन प्रबंधक, सदर प्रखंड जेएसएलपीएस की टीम भी उपस्थित रहीं।


