Saraikela: आदित्यपुर में 16–17 जनवरी को एमएसएमई डिफेंस कॉन्क्लेव, स्थानीय उद्योगों के लिए रक्षा क्षेत्र में नए अवसर

आदित्यपुर में 16–17 जनवरी को होगा एमएसएमई डिफेंस कॉन्क्लेव 2026

स्थानीय उद्योगों को रक्षा उत्पादन से जोड़ने का मंच बनेगा डिफेंस कॉन्क्लेव


सरायकेला: सरायकेला जिले के आदित्यपुर में स्थानीय एमएसएमई उद्योगों को रक्षा उत्पादन से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती देने के उद्देश्य से आदित्यपुर में एमएसएमई डिफेंस कॉन्क्लेव 2026 का आयोजन किया जा रहा है, जिससे कोल्हान और झारखंड के उद्योगों के लिए नए अवसर खुलेंगे।

आदित्यपुर स्माल इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन, सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और लघु उद्योग भारती के संयुक्त तत्वावधान में एमएसएमई डिफेंस कॉन्क्लेव 2026 का आयोजन 16 और 17 जनवरी को आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर में किया जाएगा। कॉन्क्लेव का उद्देश्य स्थानीय एमएसएमई इकाइयों को रक्षा उत्पादन से जोड़ना और उन्हें नए कारोबारी अवसर उपलब्ध कराना है।

इस आयोजन में भारत चेंबर ऑफ कॉमर्स नोडल एजेंसी की भूमिका निभा रहा है, जबकि म्यूनिशन्स इंडिया लिमिटेड, हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड, गार्डन रीच शिपबिल्डर्स, एम्युनिशन फैक्ट्री खड़की पुणे, बीईएमएल, व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर सहित कई प्रमुख रक्षा उत्पादन संस्थान सहयोगी के रूप में शामिल होंगे।

कॉन्क्लेव का उद्घाटन 16 जनवरी को देश के माननीय रक्षा राज्यमंत्री श्री संजय सेठ करेंगे। इस अवसर पर रिटायर्ड एयर चीफ मार्शल श्री अरूप राहा सहित रक्षा विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

आयोजकों ने बताया कि वर्तमान में देशभर में करीब 17 हजार एमएसएमई इकाइयाँ रक्षा क्षेत्र से जुड़ी हैं, लेकिन जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों की भागीदारी अभी सीमित है। इस कॉन्क्लेव के माध्यम से स्थानीय उद्यमियों को रक्षा क्षेत्र में उत्पाद निर्माण, तकनीकी आवश्यकताओं और अवसरों की विस्तृत जानकारी मिलेगी।

आयोजकों का मानना है कि ऑटोमोबाइल और रेलवे सेक्टर में कार्यरत स्थानीय उद्योग अब रक्षा उत्पादन में भी अपनी भूमिका निभा सकेंगे, जिससे कोल्हान सहित पूरे झारखंड के एमएसएमई उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post