घाटशिला/सुनील कुमार साहु: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष श्री बाबूलाल मरांडी ने आज घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के दौरान मुसाबनी के धोबिनी पंचायत मे पंचायत स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होकर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनता को संबोधित किया।
अपने संबोधन में श्री मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि स्व. हाजी हुसैन अंसारी के निधन के बाद उनके पुत्र हाफिजुल अंसारी मंत्री बन सकते हैं, स्व. जगन्नाथ महतो के निधन के बाद उनकी पत्नी बेबी देवी मंत्री बन सकती हैं, तो स्व. रामदास सोरेन के निधन के बाद उनके पुत्र मंत्री क्यों नहीं बन सकते?
उन्होंने कहा कि यह मानसिकता दर्शाती है कि हेमंत सोरेन की नज़र में आदिवासी समाज अपरिपक्व है, और वे उन्हें महत्वपूर्ण पदों पर देखने से कतराते हैं। यह आदिवासी समाज की प्रतिभा और क्षमता का अपमान है।
श्री मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन केवल अपने परिवार के लोगों में ही क्षमता देखते हैं, राज्य के अन्य आदिवासी नेताओं को वे महत्वपूर्ण भूमिका में नहीं आने देना चाहते। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के हितैषी बनने का ढोंग रचने वाले हेमंत सोरेन जी का असली चेहरा अब जनता के सामने उजागर हो चुका है। नेता प्रतिपक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि घाटशिला की आदिवासी जनता इस अपमान का जवाब मतदान के माध्यम से देगी।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री सुरेश साव एवं श्री के. के. गुप्ता, सत्या तिवारी, मंडल अध्यक्ष जयंत घोष, होपना माहाली, समीर सेनापति, मुन्ना सोना, शिबू माहली सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

