एस० आर० रूंगटा बी-डिविजन लीग, 2025-26
देवेंद्र माँझी क्रिकेट क्लब को पराजित कर प्रताप क्रिकेट क्लब क्वार्टर फाईनल में
santosh verma
Chaibasa ःप्रताप क्रिकेट क्लब चाईबासा ने देवेंद्र माँझी क्रिकेट क्लब चक्रधरपुर को एकतरफा मुकाबले में आठ विकेट से पराजित कर न सिर्फ पूरे चार अंक हासिल किए बल्कि क्वार्टर फाईनल में अपना स्थान भी लगभग पक्का कर लिया है।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर चल रहे 32वीं एस० आर० रूंगटा बी-डिविजन लीग के अंतर्गत आज खेले गए मैच में टॉस देवेंद्र माँझी क्रिकेट क्लब के कप्तान ने जीता तथा पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनका यह निर्णय गलत साबित हुआ जब पूरी टीम 16.5 ओवर में मात्र 81 रन बनाकर आल आउट हो गई। इस टीम की ओर से एकमात्र सफल बल्लेबाज पवन कुमार शर्मा रहा जिसने पाँच चौके एवं दो छक्के की सहायता से 41 रनों की पारी खेली। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया। प्रताप क्रिकेट क्लब की ओर से प्रतीक अग्रवाल ने 29 रन देकर तीन विकेट चटकाए। सुधांशु पाल ने भी अच्छी गेंदबाजी का परिचय दिया और मात्र छः रन देकर तीन विकेट हासिल किए जबकि सोनु महतो ने भी सात रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य को प्रताप क्रिकेट क्लब की टीम ने 8.3 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 83 रन बनाकर हासिल कर लिया। कृष अग्रवाल ने दो चौके एवं पाँच छक्के की मदद से ताबड़तोड़ 48 रन बनाए जबकि पियुष राज 17 रन बनाकर नाबाद रहा। देवेंद्र माँझी क्रिकेट क्लब की ओर से सरफुद्दीन अंसारी एवं आदित्य कुमार यादव को एक-एक सफलता हाथ लगी। ए० आर० रूंगटा बी-डिविजन लीग में कल लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब चक्रधरपुर का मुकाबला चाईबासा के फ्रेंड्स कोल्टस से होगा।
