जगन्नाथपुर: टोंटो थाना क्षेत्र के मृगलीडी बाजार के पास एक मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में बाइक पर सवार 12 साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शाम करीब 5 बजे की है। वहीं युवक की भी जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के दौरान मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार युवक तेज रफ्तार और तेज आवाज में बाइक चला रहा था। उसने बच्चे को पीछे बैठा रखा था। बाजार के पास कुछ लोगों को टक्कर लगने से बाल-बाल बचाया। युवक ने हेलमेट नहीं पहना था।
कुसुम पेड़ के पास मोड़ पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक गिरने से बच्चा सिर के बल गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक की पहचान दिकुबलकाड पंचायत के जोंजदुई गांव निवासी गोनो पिंगुवा के पुत्र सिकंदर पाठ पिंगुआ के रूप में हुई है।
मृत बच्चा रिस्ता मे सिकंदर का भांजा बताया जा रहा है। दोनों बासासाई गांव में सगाई कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस को फोन किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। युवक को कमर, हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां पहले भी एक दर्जन से ज्यादा दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। एक सप्ताह पहले भी एक छोटा हाथी वाहन पलट गया था, जिसमें कई लोग घायल हुए थे।
