चाईबासा : जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कुलदीप चौधरी की अध्यक्षता में 10 सिंहभूम संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के मतगणना के निमित्त अभ्यर्थी/ उनके निर्वाचन अभिकर्ता/ प्राधिकृत प्रतिनिधि की बैठक आयोजित कि गयी।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त के द्वारा मतगणना को लेकर निर्वाचन आयोग के द्वारा जारी किए गए गाइडलाइन की विस्तृत जानकारी सभी को उपलब्ध कराया गया। उनके द्वारा मतगणना स्थल महिला कॉलेज में मतगणना कर्मियों, मतगणना एजेंट के आने-जाने के बारे में जानकारी दी गयी।
साथ ही साथ मतगणना स्थल में स्थापित थ्री लेयर की सिक्योरिटी के बारे में भी जानकारी उपलब्ध कराई गई। साथ ही साथ उन्हें जानकारी दी गई कि मतगणना स्थल पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगे।
बैठक में सभी को बज्रगृह के खुलने का समय, मतगणना प्रारंभ होने का समय के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें जानकारी दिया गया कि वे विधानसभावार, टेबल के अनुसार अपने एजेंट की प्रतिनियुक्ति कर सकते हैं। साथ ही साथ उन्हें दो पहिया वाहन और चार पहिया वाहन हेतु चयनित पार्किंग स्थल की भी जानकारी दी गयी।
बैठक में मुख्य रूप से सहायक निर्वाचन पदाधिकारी 52 चाईबासा अनिमेष रंजन, 53 मंझगांव कमलेश्वर नारायण, 56 चक्रधरपुर सुश्री रीना हांसदा, उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग, विभिन्न अभ्यर्थी/ उनके निर्वाचन अभिकर्ता/ प्राधिकृत प्रतिनिधि सहित अन्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

