चाईबासा : सीएनआइ चर्च में ईसाई परिवार के कुल 40 युवक-युवतियों को विशप बी.बी. बास्के ने दृढ़ीकरण संस्कार प्रदान किया। दृढ़ीकरण संस्कार ग्रहण करने वाले सभी युवक- युवतियों को विशप ने आशीर्वाद देते हुए कहा कि प्रभु के वचनों में मजबूत होकर तरक्की के राह में निरंतर आगे बढ़ें। बुराई को त्याग कर औरों को बुराई से बचाने में सहयोगी बनें। बड़े और अच्छे लोगों का अनुसरण कर ईश्वर की प्रेम औरों के बीच फैलाएं।विशप ने संदेश दिया कि युवक युवतियों में आध्यात्मिकता का होना अति आवश्यक है। चूंकि आध्यात्मिकता हमारे जीवन को जीवन में अच्छे काम करने के लिए प्रेरित करता है।
दृढ़ीकरण संस्कार मिस्सा पूजा मुख्य अनुष्ठादाता विशप के सहयोगी के रूप में पादरी निकोलस नाग, पादरी एमएमसी मुंडु,पादरी जे.कुजूर, पादरी ए.हेरेंज,पादरी सिमोन नाग थे। मिस्सा पूजा के दौरान अनिल दादेल की अगुवाई में चर्च कोयर दल ने मधुर भक्ति गीत सुनाया।
मिस्सा पूजा के बाद दृढ़ीकरण संस्कार ग्रहण करने वाले युवक युवतियों एवं उनके माता-पिता को बुके एवं मालाएं भेंट कर बधाई दी गई।
मौके पर चर्च के सचिव सामुएल होनहागा, कोषाध्यक्ष प्यारी तोपनो, बारक पोढ़ समेत अनुराग कुजूर, नेहा बलमुचू, रानी दादेल, सनातन नाग, ज्योतिष लकड़ा, आशिषन कुंटिया, नमंती सामड, अल्बर्ट बलमुचू आदि एवं संस्कार प्राप्त करने वालों के सिमडेगा, रांची, खूंटी, बोकारो में रहने वाले परिजन उपस्थित थे।
