सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा, पेंशन एवं सम्मान योजना के भुगतान की ली जानकारी
संतोष वर्मा
चाईबासाःपश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में सामाजिक सुरक्षा कोषांग से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं लाभुकों को मिल रहे लाभ की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सर्वजन पेंशन योजना के अंतर्गत विभिन्न श्रेणी के लाभुकों को पेंशन राशि के भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभुकों को राशि के भुगतान से संबंधित प्रतिवेदन का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं समयबद्धता बनाए रखने तथा पात्र लाभुकों को निर्धारित समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।इस दौरान उपायुक्त ने डीएलसी प्रतिशत एवं आधार सीडिंग प्रतिशत की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों से अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने दोनों कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक सुगमतापूर्वक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।बैठक में उप विकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग श्री खुशेन्द्र सोनकेशरी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
=================

