डीसी ऑफिस परिसर में पोटो हो की आदमकद प्रतिमा स्थापना को लेकर रूतासाई में हुई बैठक

 डीसी ऑफिस परिसर में पोटो हो की आदमकद प्रतिमा स्थापना को लेकर रूतासाई में हुई बैठक



प्रतिमा स्थापना अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने और जनसहयोग जुटाने का लिया संकल्प

संतोष वर्मा

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला के तांतनगर प्रखंड अंतर्गत ग्राम रूतासाई में गुरुवार को आदिवासी हो समाज युवा महासभा की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में चाईबासा स्थित उपायुक्त कार्यालय (डीसी ऑफिस) परिसर में वीर शहीद पोटो हो की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने के प्रस्ताव को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान प्रतिमा स्थापना अभियान को व्यापक जनसमर्थन दिलाने और इसे गांव-गांव तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए आदिवासी हो समाज युवा महासभा के जिला अध्यक्ष शेरसिंह बिरुवा ने कहा कि वीर शहीद पोटो हो कोल्हान के गौरवशाली इतिहास के महान योद्धा थे। उन्होंने समाज, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। ऐसे महान वीर शहीद की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए चाईबासा डीसी ऑफिस परिसर में उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए इतिहास, संघर्ष, त्याग और शहादत की प्रेरणा का प्रतीक होगी। इसके लिए समाज के सभी वर्गों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और प्रबुद्ध लोगों को एकजुट होकर अभियान को सफल बनाने की जरूरत है। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने प्रतिमा स्थापना अभियान को प्रखंड से लेकर पंचायत और गांव स्तर तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया। साथ ही जनसहयोग के माध्यम से अभियान को मजबूती देने पर भी जोर दिया गया।बैठक में जिला कोषाध्यक्ष सत्यव्रत बिरुवा, बागुन अल्डा, विलियम पूर्ति, लाल बिरुवा, नारायण कूदादा, राजा बिरुवा, हरिश बिरुवा, सावन बोदरा, घनश्याम पूर्ति, महाती करोवा, अरुण कुमार देवगम सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post