विद्यालय के समीप संचालित सरकारी शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग, भाजपा सारंडा मंडल ने डीसी, एसपी सहित अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
संतोष वर्मा
चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी सारंडा मंडल के अध्यक्ष महेंद्र महाकुड़ के नेतृत्व में आज बड़ाजामदा स्थित विद्यालयों के समीप संचालित सरकारी शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग को लेकर उपायुक्त (डीसी), पुलिस अधीक्षक (एसपी), चाईबासा, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), चक्रधरपुर तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), सारंडा को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि बड़ाजामदा में संचालित सरकारी शराब दुकान वेल्सन फ्यूचर एकेडमी स्कूल से लगभग 30 मीटर, मिडिल स्कूल से लगभग 200 मीटर तथा हाई स्कूल से लगभग 150 मीटर की दूरी पर स्थित है। विद्यालय के समीप शराबियों का जमावड़ा लगने से छात्र-छात्राओं के अध्ययन, अनुशासन एवं मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है तथा अभिभावकों और स्थानीय लोगों में गहरी चिंता व्याप्त है।
भाजपा सारंडा मंडल ने कहा कि विद्यालय शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के केंद्र हैं। ऐसे स्थानों के निकट शराब की दुकान का संचालन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के साथ खिलवाड़ है। शराब केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। इससे युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ती है, अपराध एवं सामाजिक विकृतियों को बढ़ावा मिलता है और आने वाली पीढ़ी का भविष्य संकट में पड़ सकता है।
भाजपा सारंडा मंडल ने जिला प्रशासन से मांग की है कि लगभग 1700 छात्र-छात्राओं के हितों की रक्षा करते हुए उक्त सरकारी शराब दुकान को तत्काल किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो स्थानीय नागरिकों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं के साथ लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन किया जाएगा।
