Saraikela Big Breaking: मुख्यमंत्री का बड़ा फैसला, सरायकेला-खरसावां की एसपी तत्काल हटाई गईं


सरायकेला: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के माध्यम से इसकी जानकारी देते हुए बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में लापरवाही के कारण यह कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर एसपी निधि द्विवेदी को पुलिस मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। साथ ही संबंधित क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर लगातार नजर रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को कैंप करने और नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि कानून-व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही या जवाबदेही से बचने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मुख्यमंत्री के इस फैसले को सरायकेला-खरसावां जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई माना जा रहा है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post