चाईबासा: नर्सिंग कौशल कॉलेज, चाईबासा (एएनएम स्कूल, पैनआईआईटी–प्रेज्हा फाउंडेशन) की शैक्षणिक सत्र 2024–26 की एएनएम छात्राएं इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत शनिवार को बेंगलुरु के लिए रवाना होंगी। प्रस्थान से पूर्व शुक्रवार को छात्राओं ने कॉलेज की प्राचार्या, संकाय सदस्यों एवं अन्य कर्मियों के साथ पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्राप्त कीं।
इस अवसर पर उपायुक्त ने छात्राओं को इंटर्नशिप की सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, समर्पण, सेवा-भाव और व्यावसायिक दक्षता का परिचय दें। उन्होंने कहा कि एक कुशल स्वास्थ्यकर्मी के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ संवेदनशीलता, मानवीय दृष्टिकोण और मरीजों के प्रति करुणा का भाव भी आवश्यक है।
उपायुक्त ने छात्राओं से अपेक्षा जताई कि वे अपने उत्कृष्ट कार्य और आचरण से न केवल संस्थान बल्कि पश्चिमी सिंहभूम जिले का भी नाम रोशन करें। उन्होंने आत्मविश्वास और पूर्ण निष्ठा के साथ इंटर्नशिप पूरी करने तथा प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभवों का उपयोग भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में करने का संदेश दिया।
छात्राओं ने उपायुक्त के प्रेरणादायी मार्गदर्शन एवं शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उत्साहवर्धन इंटर्नशिप के दौरान बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या, संकाय सदस्य, अन्य कर्मी एवं एएनएम की छात्राएं उपस्थित थीं।
