चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला समाहरणालय सभागार में जिला योजना से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, प्रशिक्षु आईएएस, विशेष प्रमंडल, भवन प्रमंडल, लघु सिंचाई प्रमंडल सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में उपायुक्त ने जिला योजना के अंतर्गत अनटाइड फंड एवं टाइड फंड से संचालित विकास योजनाओं की क्रमवार समीक्षा की। इस दौरान पीसीसी सड़क, सड़क निर्माण, शौचालय, सीढ़ी रेलिंग, पुस्तकालय भवन, पुलिया निर्माण समेत अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने सभी कार्यान्वयन एजेंसियों को प्रत्येक योजना की प्रगति का नियमित रूप से फोटोग्राफ के माध्यम से दस्तावेजीकरण करने तथा अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन के साथ तस्वीरें अनिवार्य रूप से संलग्न करने का निर्देश दिया, ताकि योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान किसी भी प्रकार की प्रशासनिक, तकनीकी अथवा अन्य समस्या आने पर संबंधित पदाधिकारी तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते समाधान कर योजनाओं के निष्पादन में बाधा न आए।
बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने योजनाओं के भौतिक सत्यापन एवं जांच के लिए जिला स्तरीय टीम गठित करने की भी घोषणा की।
