Saraikela News: प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर, आदित्यपुर के एशिया भवन में हुआ विशेष कार्यक्रम

प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना से रोजगार सृजन को मिलेगा नया बल: सांसद जोबा मांझी


सरायकेला: जिले में आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एशिया भवन में शुक्रवार को प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (पीएम-वीबीआरवाई) के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन का प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित उद्यमियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने देखा।

कार्यक्रम में सिंहभूम सांसद जोबा मांझी, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) जमशेदपुर के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त (द्वितीय) प्रशांत कुमार, आदित्यपुर नगर निगम के प्रतिनिधि संजय सरदार तथा आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एशिया) के अध्यक्ष इंदर अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति, उद्यमी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



इस अवसर पर क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रशांत कुमार ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य देशभर में नए रोजगार के अवसर सृजित करना और नियोक्ताओं को अधिक रोजगार देने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अगले दो वर्षों में 3.5 करोड़ रोजगार सृजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके लिए लगभग एक लाख करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत पहली बार रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं को 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दो किश्तों में प्रदान की जाएगी। वहीं पात्र नियोक्ताओं को प्रत्येक नए कर्मचारी के लिए प्रतिमाह 3 हजार रुपये तक की सहायता राशि दी जाएगी, जिससे उद्योगों को रोजगार बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

सिंहभूम सांसद जोबा मांझी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में बेरोजगारी और पलायन एक गंभीर समस्या है। आदित्यपुर राज्य का प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है और इस योजना के माध्यम से स्थानीय उद्योगों में झारखंड के युवाओं एवं श्रमिकों को रोजगार में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में रोजगार मिलेगा तो पलायन में कमी आएगी और क्षेत्र का समग्र विकास होगा।

वहीं एशिया के अध्यक्ष इंदर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना उद्योग और रोजगार दोनों के लिए लाभकारी साबित होगी। उन्होंने कहा कि उद्योगों को समय पर प्रोत्साहन राशि मिलने से नए रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने उद्योग जगत की ओर से योजना के सफल क्रियान्वयन में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। कार्यक्रम में उपस्थित उद्यमियों ने भी योजना का स्वागत करते हुए इसे रोजगार वृद्धि और औद्योगिक विकास को गति देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post