Chaibasa News: उपायुक्त एवं अधीक्षक उत्पाद के निर्देशानुसार अवैध शराब की बिक्री एवं निर्माण के विरुद्ध गोईलकेरा एवं सोनुआ थाना क्षेत्र में चलाया गया संयुक्त छापेमारी अभियान


चाईबासा/संतोष वर्मा: जिला उपायुक्त एवं अधीक्षक उत्पाद के निर्देशानुसार अवैध शराब की बिक्री एवं निर्माण के विरुद्ध जारी अभियान के तहत आज गोईलकेरा एवं सोनुआ थाना क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया।गोईलकेरा थाना के सहयोग से गठित संयुक्त छापेमारी दल द्वारा गोईलकेरा हाट बाजार क्षेत्र एवं क्रिश्चियन टोली में छापेमारी की गई, जहां अवैध चुलाई शराब की बिक्री करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। साथ ही हाट बाजार के पिछले हिस्से के वीरान क्षेत्र में अवैध चुलाई शराब निर्माण के उद्देश्य से संचित जावा-महुआ को घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया।


वहीं, सोनुआ थाना क्षेत्र के बालजोरी में अवैध चुलाई शराब की बिक्री किए जाने वाले स्थल पर की गई छापेमारी के दौरान एक अन्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार दोनों थाना क्षेत्रों से कुल दो अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 25 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई तथा लगभग 300 किलोग्राम जावा-महुआ विनष्ट किया गया।


इसके अतिरिक्त अनुज्ञप्ति प्राप्त शराब दुकानों के नियमित निरीक्षण अभियान के तहत सोनुआ नं.-02 कंपोजिट शराब दुकान (अनुज्ञप्ति संख्या-035_COM_WES_25-26) का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकान संचालकों को निर्धारित नियमों के अनुरूप दुकान का संचालन करने तथा मदिरा की बिक्री केवल निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) पर ही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिला प्रशासन एवं उत्पाद विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post