सरायकेला| सरायकेला थाना क्षेत्र के पांड्रा गांव की रहने वाली नविता महतो पिछले 18 जून से लापता हैं। परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इसी बीच पति और माता-पिता ने पद्मश्री छूटनी महतो के परिवार परामर्श केंद्र पहुंचकर मदद की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार नविता महतो 17 जून को घर से मायके जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन न तो मायके पहुंचीं और न ही किसी रिश्तेदार के यहां उनका पता चला। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद सरायकेला थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले में नया मोड़ तब आया जब पति विजय महतो ने आशंका जताई कि नविता महतो अपने दो छोटे बच्चों को छोड़कर उनके 16 वर्षीय नाबालिग चचेरे भाई के साथ घर से चली गई हैं। हालांकि उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
मंगलवार को विजय महतो, नविता के माता-पिता के साथ बिरबांस स्थित पद्मश्री छूटनी महतो के परिवार परामर्श केंद्र पहुंचे और मामले में सहयोग की अपील की। छूटनी महतो ने परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा देते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन और समाज के सहयोग से गुमशुदा महिला का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
फिलहाल सरायकेला पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, जबकि परिवार नविता महतो की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है।
