सरायकेला| टाटा-चाईबासा मुख्य सड़क पर समाहरणालय मोड़ के समीप बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका देवर गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान चाईबासा जिले के भालूरंगी गांव निवासी 40 वर्षीय सुलेखा महतो के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सुलेखा महतो अपने देवर रूपेश कुमार महतो के साथ स्कूटी से जमशेदपुर से अपने घर भालूरंगी लौट रही थीं। सुबह करीब 11:30 बजे समाहरणालय मोड़ स्थित टीवीएस शोरूम के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात हाईवा ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि सुलेखा महतो सड़क पर गिर गईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं रूपेश कुमार महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फरार हाईवा एवं उसके चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।
