Saraikela News: डेम से युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


सरायकेला| सरायकेला थाना क्षेत्र के दावना गांव में दो दिनों से लापता 21 वर्षीय युवक सूरज मार्डी का शव शुक्रवार को गांव के डेम से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 12:30 बजे शव को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार सूरज मार्डी 24 जून को गांव के डेम में मछली पकड़ने गया था। बताया जाता है कि उस समय उसके साथ कुछ अन्य युवक भी मौजूद थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटा, जिससे परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने डेम में शव तैरता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।

मृतक की मां ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि यह सामान्य डूबने की घटना नहीं है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।

घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत होता है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post