सरायकेला/काण्ड्रा| अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज, हरिद्वार के निर्देशन में गायत्री महिला मंडल, एमआईजी आदित्यपुर की महिला साधिकाओं ने काण्ड्रा महिला मंडली के आमंत्रण पर एक कुंडीय गायत्री हवन एवं यज्ञ का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य वैदिक संस्कृति का प्रचार-प्रसार तथा "सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः" के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति देकर विश्वशांति, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता एवं मानव कल्याण की कामना की। महिला मंडल की सदस्याओं ने शास्त्रोक्त विधि से हवन, पूजन एवं वैदिक संस्कार संपन्न कराए। आयोजन में आदित्यपुर की शीला देवी, सुधा रानी, इप्सिता एवं ईशा, गम्हरिया की सुजाता कुमारी तथा काण्ड्रा की मालती बर्मन की सक्रिय भूमिका रही।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने सनातन संस्कृति के संरक्षण, नैतिक मूल्यों के प्रसार तथा संस्कारयुक्त समाज के निर्माण के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।
