रोजगार की मांग को लेकर चिड़िया माइंस क्षेत्र में अनिश्चितकालीन चक्का जाम, आयरन ओर परिवहन ठप
संतोष वर्मा
Chaibasaःमनोहरपुर पश्चिम सिंहभूम: स्थानीय युवाओं ने रोजगार की मांग को लेकर शुक्रवार सुबह चिड़िया सेल धोबिल माइंस के तीन सिमान चौक के समीप अनिश्चितकालीन चक्का जाम शुरू कर दिया। सुबह करीब आठ बजे क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों के सैकड़ों युवक-युवतियां हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए तथा जोरदार नारेबाजी की।प्रदर्शनकारी लंबे समय से चिड़िया सेल माइंस क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि नई ठेका कंपनी और चिड़िया सेल प्रबंधन स्थानीय बेरोजगार युवाओं की उपेक्षा कर रहे हैं। इसी के विरोध में उन्होंने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन चक्का जाम का ऐलान किया है।प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। चक्का जाम के कारण धोबिल माइंस से आयरन ओर का परिवहन पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे खनन कार्य भी प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।समाचार लिखे जाने तक मौके पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी डटे हुए थे। स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं सेल प्रबंधन प्रयासरत्त है।
