30 जून से प्रारंभ होगा मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026, सभी योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ना एवं अयोग्य व्यक्तियों का नाम हटाना सुनिश्चित करें : उपायुक्त

30 जून से प्रारंभ होगा मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026, सभी योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ना एवं अयोग्य व्यक्तियों का नाम हटाना सुनिश्चित करें : उपायुक्त



संतोष वर्मा

Chaibasaःपश्चिमी सिंहभूम जिले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के सफल संचालन को लेकर तदर्थ जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनआईसी सभागार में अपर उपायुक्त, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी तथा पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वर्चुअल माध्यम से जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान बताया गया कि 30 जून 2026 से जिले में मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत सभी बूथ लेवल पदाधिकारी अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता को दो प्रतियों में गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे तथा उनमें से एक हस्ताक्षरित प्रति प्राप्त कर सुरक्षित संधारित करेंगे। उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के प्रत्येक चरण का गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करें तथा वरीय पदाधिकारी उनके कार्यों की नियमित निगरानी एवं अनुश्रवण करेगें। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी प्रतिदिन क्षेत्र भ्रमण कर अभियान की प्रगति का निरीक्षण करेंगे तथा प्राप्त गणना प्रपत्रों का निर्धारित समय सीमा के भीतर डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करेंगे। बैठक में जानकारी दी गई कि डिजिटाइजेशन कार्य को सुचारू एवं समयबद्ध रूप से संपादित करने के उद्देश्य से जिले के सभी मतदान केंद्रों पर वालंटियरों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो बीएलओ को तकनीकी सहयोग प्रदान करेंगे।

30 जून 2026 को विशेष सोशल मीडिया महाअभियान

बैठक में बताया गया कि मतदाता जागरूकता एवं जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 30 जून 2026 को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक विशेष सोशल मीडिया महा अभियान आयोजित किया जाएगा। इस दौरान *#JharkhandSIR* हैशटैग का व्यापक उपयोग करते हुए अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ने एवं उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 29 जून 2026 को जिले के सभी विद्यालयों/महाविद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के माध्यम से मतदाता जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। वहीं 30 जून 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर चुनावी पाठशाला आयोजित करते हुए बीएलओ एवं बीएलए-2 की बैठक संपन्न होगी, जिसमें विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रक्रिया, उद्देश्य एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का स्पष्ट उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा अपात्र व्यक्तियों का नाम नियमानुसार मतदाता सूची से हटाया जाए। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को पूर्ण समन्वय एवं पारदर्शिता के साथ अभियान का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं अद्यतनता लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है, इसलिए इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post