मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने पर जोर
संतोष वर्मा
Chaibasa : आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर चाईबासा में शांति समिति की बैठक सदर थाना , चाईबासा में शनिवार शाम को आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।बैठक में मोहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।शांति समिति के सदस्य त्रिशानु राय ने मोहर्रम जुलूस मार्ग पर व्याप्त गड्ढों एवं जर्जर सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग प्रशासन से की है। त्रिशानु राय ने कहा कि मोहर्रम के अवसर पर बड़ी संख्या में अकीदतमंद एवं आम नागरिक जुलूस में शामिल होते हैं। ऐसे में जुलूस मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढे दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए जुलूस मार्ग की तत्काल मरम्मत आवश्यक है।
प्रशासन द्वारा सभी अखाड़ा समितियों एवं आयोजकों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई।बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ बहामन टूटी ने कहा कि चाईबासा की पहचान आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं सांप्रदायिक सौहार्द के लिए रही है। सभी समुदायों के सहयोग से मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा। सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों पर कड़ी निगरानी रखने की भी बात कही गई।शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि मोहर्रम के दौरान अमन, शांति एवं सद्भाव बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में पर्व को शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण तरीके से मनाने का संकल्प लिया।बैठक के अंत में प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई, ताकि मोहर्रम का पर्व जिले में शांति और सद्भाव का संदेश दे सके।बैठक में सीओ सदर उपेन्द्र कुमार , सदर थाना प्रभारी हीरालाल महतो , मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार , नगर परिषद के सिटी मैनेजर , विधुत विभाग के कनीय अभियंता , सेंट्रल मोहर्रम कमिटी के पदाधिकारी , शांति समिति के सदस्य आदि मौजूद थे ।
