उपायुक्त ने अर्द्धवार्षिक लेखा परीक्षा का किया निरीक्षण, पारदर्शिता एवं वित्तीय अनुशासन पर दिया जोर
संतोष वर्मा
Chaibasaःपश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत पीएम श्री राजकीय कन्या प्लस टू उच्च विद्यालय, चाईबासा में लिपिकों के लिए आयोजित अर्द्धवार्षिक लेखा परीक्षा का उपायुक्त श्री मनीष कुमार द्वारा निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी, स्थापना उपसमाहर्ता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं अनुशासन सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ परीक्षा देने के लिए प्रोत्साहित किया तथा कहा कि लेखा एवं वित्तीय प्रबंधन से संबंधित कार्यों में दक्षता, जवाबदेही और पारदर्शिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों से परीक्षा आयोजन की तैयारियों, उपस्थिति, मूल्यांकन प्रक्रिया एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की परीक्षाओं का उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों में कार्यरत कर्मियों की लेखा संबंधी जानकारी एवं दक्षता का आकलन करना है, जिससे सरकारी योजनाओं एवं वित्तीय कार्यों के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र पर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण पाया गया। उपायुक्त ने परीक्षा संचालन में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए तथा कहा कि प्रशासनिक कार्यों में वित्तीय अनुशासन एवं जवाबदेही को सुदृढ़ बनाने के लिए इस प्रकार की परीक्षाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

