गम्हरिया: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर टाटा स्टील फाउंडेशन, गम्हरिया की ओर से स्थानीय सामुदायिक भवन में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व अजीत सिंह, नीलकमल दास और हरेकृष्णा कौशल्या ने किया। जेडीसी सदस्य भारव प्रमाणिक और सुजेन नायक ने भी आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों की जानकारी दी तथा नियमित योग के शारीरिक और मानसिक लाभों से अवगत कराया।
इस अवसर पर नीलकमल दास ने कहा कि बढ़ती प्रतिस्पर्धा और तनाव के दौर में योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने इसे भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए नई पीढ़ी को इससे जोड़ने पर बल दिया। करीब 90 प्रतिभागियों और 10 स्वयंसेवकों की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम का समापन नियमित योग करने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने के संकल्प के साथ हुआ।
