जमशेदपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर छात्र गतिविधि केंद्र में "योग संगम" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग" के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ खेल प्रभारी डॉ. जितेंद्र कुमार के स्वागत भाषण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार, कुलसचिव (प्रभारी) एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सरोज कुमार सारंगी, छात्र गतिविधि केंद्र के अध्यक्ष प्रो. ए.के.एल. श्रीवास्तव, अधिष्ठाता योजना एवं विकास प्रो. शशि भूषण प्रसाद समेत विभिन्न विभागों के संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और संतुलित जीवन की आधारशिला है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सामान्य योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास रहा, जिसका संचालन प्रसिद्ध योग विशेषज्ञ मणि भूषण सिंह (योग जिज्ञासु) ने किया। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। योगाभ्यास के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक एकाग्रता एवं तनाव मुक्ति के महत्व पर बल दिया गया। संस्थान की ओर से कहा गया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन स्वास्थ्य, अनुशासन एवं समग्र विकास की संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग" के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
