जुबली तालाब का नियमित रखरखाव की व्यवस्था की जाए : त्रिशानु राय
santosh verma
Chaibasa :जुबली तालाब,चाईबासा का नियमित रखरखाव की व्यवस्था किए जाने की मांग को लेकर प०सिंहभूम जिला के कांग्रेस प्रवक्ता सह सामाजिक त्रिशानु राय ने सोमवार को नगर परिषद,चाईबासा के कार्यपालक पदाधिकारी संतोषनी मुर्मू को पत्र लिखा है। मांग पत्र में त्रिशानु राय ने कहा कि शहर में स्थित ऐतिहासिक एवं सार्वजनिक महत्व का जुबली तालाब वर्तमान समय में अत्यंत दयनीय स्थिति में पहुंच चुका है। तालाब तथा परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य टाटा स्टील द्वारा सीएसआर के तहत किया था, तालाब में विभिन्न जगहों पर वाटर फॉउंटेन , लाईट , फिल्टर आदि अधिष्ठापित किया गया था, वर्तमान में यह सब बंद पड़ी हो गई है। वहीं परिसर में अधिष्ठापित अधिकांश स्टेच्यू भी खंडित हो गई है। इसका संचालन नगर परिषद, चाईबासा द्वारा किया जाता है। तालाब में अत्यधिक जलकुंभी एवं जंगली घास फैल जाने के कारण जलस्रोत सिकुड़ता जा रहा है तथा जल प्रदूषित हो रहा है। तालाब में गंदगी एवं अव्यवस्था के कारण इसकी प्राकृतिक सुंदरता एवं उपयोगिता दोनों प्रभावित हो रही है। यह तालाब शहरवासियों के लिए पर्यावरणीय संतुलन, जल संरक्षण तथा सौंदर्य का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। किंतु वर्तमान में इसके रखरखाव के अभाव में स्थिति चिंताजनक हो गई है। यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में तालाब का अस्तित्व संकट में पड़ सकता है। श्री राय ने आगे मांग पत्र में कहा कि जुबली तालाब के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण हेतु तालाब से जलकुंभी एवं जंगली वनस्पतियों की नियमित सफाई कराई जाए। तालाब की गहराई बनाए रखने हेतु गाद निकासी कराई जाए। तालाब का नियमित रखरखाव की व्यवस्था की जाए। स्थानीय प्रशासन द्वारा स्थायी निगरानी एवं संरक्षण योजना बनाई जाए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद ,चाईबासा के सकारात्मक हस्तक्षेप से जुबली तालाब पुनःअपनी स्वच्छ एवं सुंदर पहचान प्राप्त कर सकेगा तथा शहरवासियों को इसका लाभ मिलेगा।उन्होंने पत्र की प्रतिलिपि नगर परिषद,चाईबासा के अध्यक्ष नितिन प्रकाश को भी सूचनार्थ प्रेषित किया है।
