उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्थापना समिति-सह-अनुकंपा समिति की बैठक संपन्न

उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्थापना समिति-सह-अनुकंपा समिति की बैठक संपन्न



s





उपायुक्त ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य परिवार के आश्रितों को कठिन परिस्थितियों में सहायता प्रदान करना है

santosh verma

Chaibasa ःपश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला स्थापना समिति-सह-अनुकंपा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन के विभिन्न कार्यालयों में लिपिकीय संवर्ग के पदों के वर्गीकरण, आवश्यक पद सृजन तथा अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित प्राप्त आवेदनों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान जिला में प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन, कार्यालय व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने तथा बढ़ते कार्यभार के अनुरूप मानव संसाधन की आवश्यकता पर विस्तृत चर्चा की गई। इस क्रम में जिला अंतर्गत जिला स्तरीय एवं अनुमंडल स्तरीय कुल 22 कार्यालयों तथा 36 प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों की कार्यप्रणाली एवं आवश्यकता का आकलन करते हुए लिपिकीय पदों के वर्गीकरण पर विचार किया गया। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में जिला स्तर पर कुल 14 कार्यालय अधीक्षक तथा विभिन्न कार्यालय में 54 प्रधान लिपिक कार्यरत हैं। इस दौरान कार्यों के प्रभावी निष्पादन तथा प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जिला स्थापना समिति द्वारा विभिन्न कार्यालयों के लिए लिपिकीय पदों का कार्यालयवार वर्गीकरण किया गया। जिसमें कुल 82 उच्च वर्गीय लिपिक पद तथा 123 निम्न वर्गीय लिपिक पदों के वर्गीकरण को स्वीकृति प्रदान की गई।



इसके अतिरिक्त जिला के विभिन्न कार्यालयों में कार्यभार एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए अतिरिक्त पद सृजन पर भी निर्णय लिया गया। समिति द्वारा राज्य सरकार को अधियाचना भेजने का निर्णय लेते हुए 8 अतिरिक्त कार्यालय अधीक्षक, 34 अतिरिक्त प्रधान लिपिक, 50 अतिरिक्त उच्च वर्गीय लिपिक तथा 75 अतिरिक्त निम्न वर्गीय लिपिक पदों के सृजन हेतु प्रस्ताव भेजे जाने पर सहमति प्रदान की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों के समयबद्ध निष्पादन, कार्यालयों की दक्षता बढ़ाने तथा आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पदों का तार्किक वर्गीकरण एवं आवश्यकता के अनुरूप पद सृजन से प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा विभिन्न कार्यालयों के कार्यों में गति आएगी।

बैठक के दूसरे चरण में जिला अनुकंपा समिति के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई। समिति के समक्ष कुल 53 आवेदन प्राप्त हुए, जिनकी बिंदुवार जांच एवं समीक्षा की गई। समीक्षा उपरांत निर्धारित मापदंडों एवं नियमों के अनुरूप 46 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई। समिति द्वारा स्वीकृत मामलों के आधार पर अनुकंपा नियुक्ति हेतु कुल 46 अभ्यर्थियों के नामों की अनुशंसा की गई, जिनमें 29 व्यक्तियों को लिपिक पद पर तथा 17 व्यक्तियों को अनुसेवी पद पर नियुक्ति हेतु अनुशंसित किया गया।

उपायुक्त ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य परिवार के आश्रितों को कठिन परिस्थितियों में सहायता प्रदान करना है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी स्वीकृत मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप आगे की कार्रवाई त्वरित रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि लाभुकों को समयबद्ध रूप से नियुक्ति का लाभ प्राप्त हो सके।बैठक में उप विकास आयुक्त, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी, स्थापना उपसमाहर्ता, ट्रेजरी ऑफिसर कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post