जन समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जिला समाहरणालय में आयोजित हुआ जनता दरबार, जिप सदस्य माधवचंद कुंकल समेत 70 फरियादियों नें रखी अपनी फरियाद
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के प्रति प्रतिबद्ध है
Chaibasa ः पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मनीष कुमार के द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लगभग 70 लोगों ने उपायुक्त से भेंट कर अपनी समस्याओं एवं मांगों से अवगत कराया। जनता दरबार के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं को सुनते हुए उपायुक्त ने संबंधित मामलों के निष्पादन के लिए विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनता दरबार के दौरान अनुकंपा नियुक्ति, सरकारी तालाब सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, आवास योजनाओं से संबंधित समस्याएं, विद्युत व्यवस्था, आपदा सहायता, चिकित्सीय सहायता सहित अन्य जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। जिस पर उपायुक्त ने सभी मामलों की गंभीरतापूर्वक समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की जांच कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के प्रति प्रतिबद्ध है। जनता दरबार आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी मंच है, जिसके माध्यम से लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। इस अवसर पर योगा संघ के प्रतिनिधियों द्वारा उपायुक्त से मुलाकात कर जिले में योग गतिविधियों के विस्तार तथा योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने से संबंधित विषयों पर चर्चा किया गया। उपायुक्त ने योग को बेहतर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए ऐसे प्रयासों को समाजहित में उपयोगी बताया।
जनता दरबार में प्राप्त सभी मामलों पर संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक एवं उचित निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी मामलों की जांचोपरांत प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जा सके।

