Saraikela News: एनएच-33 पर झाबरी गांव के पास शराब से लदी वैन पलटी, सड़क पर बिखरी बोतलें लूट ले गए ग्रामीण


सरायकेला: जिले के चांडिल अनुमंडल के चौका थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एनएच-33 पर शराब से लदी एक वैन हादसे का शिकार हो गई। हादसे के बाद सड़क पर शराब की बोतलें बिखर गईं और मौके पर पहुंचे ग्रामीणों में उन्हें उठाने की होड़ मच गई। हालांकि चालक इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गया। दरअसल धनबाद से जमशेदपुर के डिमना इलाके में ओल्ड मॉन्क ब्रांड की शराब लेकर जा रही एक वैन चौका थाना क्षेत्र के झाबरी गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। तेज झटके के कारण वैन में लदी अधिकांश शराब की बोतलें टूटकर सड़क पर बिखर गईं।


घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सड़क पर फैली शराब की बोतलों को उठाने के लिए लोगों में होड़ मच गई और काफी संख्या में बोतलें लोग अपने साथ ले गए। इस बीच सूचना मिलने पर चौका थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार के अनुसार वैन में करीब चार लाख बासठ हजार रुपये मूल्य की ओल्ड मॉन्क ब्रांड की शराब लदी थी। दुर्घटना में लगभग नब्बे प्रतिशत बोतलें टूट गईं, जबकि करीब दस प्रतिशत शराब ग्रामीण अपने साथ ले गए। बची हुई शराब को सुरक्षित कर चालक को सौंप दिया गया है। फिलहाल क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने और पूरे मामले की जांच की कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post